गुजरात में मुसलमानों की प्रति व्यक्ति आय सबसे अधिकः राजनाथ सिंह

Rajnath Singh

भागलपुर। 21 अप्रैल।

बिहार के भागलपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि देश को सबसे पहले कांग्रेस ने बांटा है। भारत अगर विभाजित हुआ है तो कांग्रेस ने ही किया है। इसलिए देश की सबसे बड़ी सांप्रदायिक पार्टी कांग्रेस है।

श्री सिंह ने कहा कि ‘आज विरोधी दल गुजरात का मामला उठाते हैं। गुजरात कोई जाकर देखे। वहां के मुसलमान भाइयों की प्रति व्यक्ति आमदनी जितनी है, उतनी किसी और राज्य में किसी मुसलमान भाई की आमदनी नहीं है। अल्पसंख्यक भाइयों के मन में दहशत पैदा कर यहां वोट बटोरने की राजनीति हो रही है। लेकिन वोट दहशत पैदा कर नहीं, स्नेह पैदा कर मांगी जानी चाहिए।‘

श्री सिंह ने कहा, ‘लेकिन पूरे देश के अल्पसंख्यक उन्हें वोट दे रहे हैं। शाहनबाज हुसैन को यहां दे रहे हैं, लखनऊ में भी दे रहे हैं और नरेंद्र मोदी को भी वोट दे रहे हैं।’

उन्होंने कहा, ‘भारत के हर क्षेत्र में परिवर्तन की लहर है। क्योंकि कांग्रेस ने 55 वर्षों तक शासन कर देश को तबाह कर दिया है। यहां प्राकृतिक संसाधनों की कमी नहीं है, फिर भी भारत दुनिया के गरीब देशों में गिना जाता है।’

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘इस देश में जितने घोटाले हुए हैं, उसका थोड़ा भी हिस्सा बिहार पर खर्च होता तो यहां का काफी भला हो गया होता।‘

उन्होंने कहा, ‘जवाहर लाल नेहरू भी कहते थे कि हम राष्ट्र का निर्माण कर रहे हैं और आज राहुल गांधी भी अपने प्रचार में देश बनाने की बात ही कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस को लालू यादव और जनता दल (यू) की भी सहानुभूति प्राप्त है। लोगों के मन में आक्रोश है।जब-जब कांग्रेस आई है, महंगाई बढ़ी है। अटल जी भी प्रधानमंत्री थे, आप उस समय के सुशासन से उदाहरण ले सकते हैं। महंगाई कांग्रेस की गलत नीतियों, नियोजन और भ्रष्टाचार के कारण बढ़ी है। भारत के इतिहास में इतना कभी भ्रष्टाचार नहीं हुआ। हमने लगातार संसद में विदेशों से कालाधन लाने की बात उठाई, लेकिन ये सरकार टस से मस नहीं हुई। हमारी सरकार बनते ही हम उन कालेधन को भारत लाएंगे और यहां की समस्याओं का निदान करेंगे।‘