लखनऊ में आयोजित ‘राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह’ में रक्षामंत्री के सम्बोधन का मूल पाठ
सबसे पहले, मैं लखनऊ की इस ऐतिहासिक धरती पर देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन करता हूँ। और साथ ही, इस समारोह में देश के कोने-कोने से आए मेरे प्रतिभाशाली युवा साथियों, आपका भी स्वागत है।
जैसा कि हम सभी जानते हैं, आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी इस ‘राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह’ में Industrial Training Institute (ITI), National Skill Training Institute (NSTI) और Institute for Training of Trainers (IToT) के 52 टॉपर्स को सम्मानित कर रहे हैं। आज सम्मानित किए जा रहे सभी व्यक्तियों को मैं बधाई देता हूँ।
आज का अवसर एक मायने में बहुत विशेष है। राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह पहली बार दिल्ली से बाहर लखनऊ में आयोजित किया जा रहा है।
यह उत्तर प्रदेश के लिए बहुत गर्व का विषय है। इसके लिए मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी और जयंत चौधरी तथा प्रदेशवासियों को बधाई देता हूँ ।
साथियो,
हमारी परंपरा ने हमें सिखाया कि ज्ञान व्यक्ति को समझ देता है, कौशल उसे सामर्थ्य देता है और दोनों का समन्वय उसे आत्मनिर्भर बनाता है।
पहले दीक्षांत समारोहों का आयोजन विश्वविद्यालयों और बड़ी-बड़ी डिग्रियों से जुड़ा होता था। लेकिन “राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह” के आयोजन ने इस सोच को बदल दिया है। और इस भाव को आगे बढ़ाया है, कि कौशल विकास, औपचारिक शिक्षा से किसी मामले में कम नहीं है, बल्कि उसको supplement और compliment करता है।
साथियों,
हम सब इस बात से सहमत होंगे कि किसी भी देश की आर्थिक शक्ति केवल उसके संसाधनों, पूँजी या तकनीकी क्षेत्र में विकास से ही तय नहीं होती। उसकी असली शक्ति उसके नागरिकों की क्षमताओं और उनके कौशल में भी निहित होती है। और इस क्षमता को विकसित करने के लिए, पिछले 12 वर्षों में PM मोदी जी के नेतृत्व में एक मजबूत ‘Skill Development Ecosystem’ का निर्माण किया गया है।
कौशल विकास योजना, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच का उदाहरण है। उन्होंने बहुत पहले ही इस सच्चाई को समझ लिया था कि विकसित भारत बनाने के लिए हमें Skills का Development, Mission Mode में करना होगा। और आप देखिए कि पिछले 12 वर्षों में Skill Development का काम अभूतपूर्व गति से हुआ है।
जून 2026 तक प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत 1.64 करोड़ से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। 2014 में देश में लगभग 9,800 आई-टी-आईज़ (ITIs) थे, जिनकी संख्या बढ़कर अब लगभग 14,000 हो गई है।
साथियो,
लेकिन मेरे विचार से इन आँकड़ों का महत्व केवल इनकी संख्या में नहीं है। असली महत्व उस परिवर्तन का है, जो कौशल विकास योजना ने युवाओं के जीवन में लाया है।
किसी छोटे शहर या गाँव का युवा जब ITI से प्रशिक्षण प्राप्त करके किसी आधुनिक उद्योग में काम शुरू करता है, तो वह केवल अपनी आजीविका नहीं कमाता, बल्कि अपने परिवार की आर्थिक स्थिति भी बदलता है।
साथियो,
जब कोई युवा अपने Technical Skills के बल पर कोई Modern Enterprise शुरू करता है, तो वह केवल स्वयं रोजगार प्राप्त नहीं करता, बल्कि दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करता है। आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को हासिल करने में योगदान देता है।
यही वह बदलाव है, जिसे हम Skill Development के माध्यम से हासिल करना चाहते हैं।
साथियो,
मैं एक और बात आप सभी से कहना चाहता हूँ। आज कौशल विकास का महत्व केवल रोजगार प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय सुरक्षा से भी जुड़ा हुआ है। इसका एक महत्वपूर्ण उदाहरण हमारा रक्षा उत्पादन क्षेत्र है।
आप सभी जानते हैं कि PM मोदी जी के नेतृत्व में आज हमारी सरकार Defence manufacturing के क्षेत्र में स्वदेशीकरण को बढ़ावा दे रही है। इसलिए आज भारत को रक्षा उपकरणों, और सैन्य तकनीक के निर्माण में आत्मनिर्भर बनाने के लिए, बड़ी संख्या में कुशल तकनीकी मानव संसाधन की आवश्यकता है। और मैं मानता हूँ कि कौशल विकास से जुड़ी योजनाएं इस आवश्यकता को पूरा करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
साथियो,
ऐसा कहा जाता हैं, कि 21वीं सदी में अशिक्षित (Illiterate) वह व्यक्ति नहीं होगा, जो पढ़ना-लिखना नहीं जानता, बल्कि वह होगा, जो सीखना, सीखी हुई बातों को समय के अनुसार छोड़ना, और फिर से सीखना नहीं जानेगा।
आज की दुनिया में Knowledge की कोई सीमा नहीं है। Technology बदल रही है, Industries बदल रही हैं, काम करने के तरीके बदल रहे हैं, और रोजगार की प्रकृति भी बदल रही है। ऐसे समय में सिर्फ Skills प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है। वक्त के साथ खुद को Update करना भी जरूरी है।
इसलिए हम यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं कि युवाओं की Skilling, Reskilling और Upskilling समय की जरूरतों के अनुरूप लगातार होती रहे। और हमारे युवाओं का कौशल, विकसित और आत्मनिर्भर भारत का आधार बने।
इसी संकल्प के साथ, पुनः प्रधानमंत्री जी का लखनऊ में स्वागत करते हुए मैं अपनी बात समाप्त करता हूँ। आप सभी को बहुत-बहुत शुभकामनाएँ।