सबसे पहले, मैं आप सभी को छठ महापर्व की ढेर सारी शुभकामनाएँ देता हूँ।
यह पर्व, भगवान सूर्य को समर्पित होता है। ऐसे अवसर पर, ‘दिव्य संस्कृति भवन’ का उद्घाटन हो रहा है। यह भवन भी, सूर्य की भांति ही, अध्यात्म के प्रकाश को, लखनऊ समेत देश-दुनिया में प्रसारित करने में सहायक होगा, ऐसा मेरा विश्वास है।
आज का दिन कई कारणों से विशेष हो जाता है।
पहला, ब्रह्माकुमारीज की स्थापना के 90 वर्ष पूर्ण होना। दूसरा, लखनऊ में आपकी 72 वर्षों की आध्यात्मिक सेवाओं का गौरवपूर्ण पड़ाव। और तीसरा, ‘दिव्य संस्कृति भवन’ का लोकार्पण।
इस पावन अवसर पर, आप सभी के बीच आकर, मैं स्वयं को धन्य अनुभव कर रहा हूँ।
साथियों, लखनऊ के साथ मेरा कैसा संबंध है, मुझे बताने की जरूरत नहीं है।
लखनऊ और मेरा संबंध ठीक वैसा ही है, जैसा कि महाकवि सूरदास जी ने लिखा है, कि
मेरो मन अनत कहाँ सुख पावै।
जैसे उड़ि जहाज कौ पंछी, पुनि जहाज पै आवै॥
जैसे एक बार किसी व्यक्ति को ईश्वर का चिंतन हो जाए, ईश्वर का अनुभव हो जाए, तो फिर चाहकर भी किसी अन्य विषय का चिंतन नहीं कर पाता। ठीक उसी तरह से जो एक बार लखनऊ का हो जाए, वह चाह कर भी कहीं और का कभी नहीं हो सकता। मेरी तो डोर ही लखनऊ से बंधी हुई है। मैं कहीं भी चला जाऊं, मन लौट कर यहीं आता रहता है।
साथियों, लखनऊ की इस धरती ने सदैव आध्यात्मिक चेतना को अपने आँचल में सहेजा है। और जब ब्रह्माकुमारीज जैसी संस्था यहाँ नब्बे वर्षों की वैश्विक यात्रा, और बहत्तर वर्षों की स्थानीय सेवा का उत्सव मनाती है,
तो यह उसी आध्यात्मिक विचारधारा का उत्सव है, जो लखनऊ अपने अंदर समेटे हुए है।
मैं ब्रह्माकुमारीज संस्था को, उसकी नब्बे वर्षों की उस यात्रा के लिए हृदय से बधाई देता हूँ। आपने सिंध से, एक छोटी सी आध्यात्मिक पहल से शुरुआत करते हुए, आज लगभग एक सौ चालीस देशों तक पहुँचकर मानवता को शांति का, संतुलन का और आत्म-सम्मान का पाठ पढ़ाया है। लखनऊ में पिछले 72 वर्षों से निरंतर प्रज्वलित यह ज्योति, इस शहर की सांस्कृतिक चेतना का हिस्सा बन चुकी है।
लेकिन आज, इस अवसर पर, मैं ब्रह्माकुमारीज की उपलब्धियों की सूची सामने नहीं रखना चाहता। आपकी उपलब्धियों से तो पूरा समाज परिचित है। मैं आज जब आपके बीच आया हूँ, तो आपके सामने एक बड़ा प्रश्न रखना चाहता हूँ। वह प्रश्न है, इक्कीसवीं सदी के भारत में आध्यात्मिकता का स्थान क्या है?
यह प्रश्न इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि हम एक ऐसे दौर में जी रहे हैं, जहाँ एक ओर हम दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक हैं, Space से लेकर Artificial intelligence तक में हमने अपनी पकड़ बना ली है।
लेकिन दूसरी ओर, हमारे भीतर की दुनिया में, हमारे मन में, हमारे विचार में, क्या चल रहा है, ये हमारी पकड़ में नहीं आ पा रहा। हमें यह सोचना होगा, कि कहीं हम बाहर की दुनिया को जीतते हुए, भीतर की दुनिया में हार तो नहीं रहे! यहीं पर आध्यात्मिकता का प्रश्न खड़ा होता है। और यहीं पर ब्रह्माकुमारीज जैसी संस्थाओं का महत्व और भी बढ़ जाता है।
आध्यात्मिकता को अक्सर हम एक अलग ‘विषय’ की तरह देखते हैं। ध्यान, पूजा, सत्संग, ये सब ‘अलग’ गतिविधियाँ लगती हैं। हमारा दिन चौबीस घंटे का होता है, उसमें कुछ समय हम काम को देते हैं, कुछ समय परिवार को,
कुछ समय मनोरंजन को, और कुछ समय आध्यात्मिकता को। लेकिन सच्चाई यह है, कि आध्यात्मिकता कोई अलग समय-खंड नहीं मांगती। वह दृष्टि का परिवर्तन मांगती है।
आध्यात्मिकता का अर्थ है, स्वयं को शरीर से आगे देखना। यह मानना कि मैं केवल मांस-मज्जा से बना एक पिंड नहीं हूँ। मैं एक चेतना हूँ। मैं एक आत्मा हूँ। आज विज्ञान भी इस दिशा में आगे बढ़ रहा है। मनोविज्ञान, तंत्रिका-विज्ञान, चिकित्सा विज्ञान आदि अब यह स्वीकार कर रहा है कि, ध्यान और सचेत जीवन-शैली का मस्तिष्क पर, हृदय पर, और immune system पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
तनाव, चिंता और अवसाद के प्रबंधन में आंतरिक स्थिरता का महत्व, अब केवल श्रद्धा का विषय नहीं, शोध का विषय बन चुका है।
ब्रह्माकुमारीज ने पिछले नब्बे वर्षों में, लाखों लोगों को आध्यात्मिकता के माध्यम से पूर्णता की ओर बढ़ने का अवसर दिया है। यह आप सब की बहुत बड़ी उपलब्धि है। भवन कितने बने, केंद्र कितने खुले, ये संख्याएँ तो गौण हैं। असली प्रश्न यह है, कि कितने लोगों के जीवन में आध्यात्मिक चेतना का प्रकाश पहुँचा; और इस मामले में, आप सबका कोई सानी नहीं है। आपने जिस ऊर्जा के साथ, आध्यात्मिकता का प्रकाश लोगों तक पहुंचाया है, वह अद्वितीय है।
और लखनऊ में जिस प्रकार आप लोग कार्य कर रहे हैं, लोगों को परमसत्ता से जुड़ने का मार्ग दिखा रहे हैं, उसकी जितनी सराहना की जाए, मैं समझता हूँ वह कम है। आप और जैसे अनेक कर्मयोगियों के अथक प्रयासों से, लखनऊ आज अपनी एक नई पहचान गढ़ रहा है। शिक्षा, संस्कृति, रक्षा, सुरक्षा, उद्योग और व्यापार, यानि हर क्षेत्र में लखनऊ अपनी विशिष्ट उपस्थिति दर्ज करा रहा है, और विकास की नई संभावनाओं के साथ देश के सामने एक नई भूमिका में उभर रहा है। लखनऊ वैविध्यता और विशिष्टताओं का एक बड़ा उदाहरण बनकर हमारे सामने उभरा है।
लखनऊ में एक तरफ तहज़ीब और अदब की विरासत है, तो दूसरी तरफ आधुनिक तकनीक और सामरिक शक्ति का नया अध्याय भी है।
लखनऊ में एक तरफ गोमती के किनारे बसी सांस्कृतिक समृद्धि है, तो दूसरी तरफ आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाता हुआ आधुनिक औद्योगिक आधार भी है।
लखनऊ में एक तरफ ब्रह्माकुमारीज की शांति की छाया है, तो दूसरी तरफ ब्रह्मोस का शौर्य और प्रताप भी है।
यह लखनऊ की विशेषता है कि यहाँ शांति और शक्ति, परंपरा और प्रगति, संस्कृति और सामर्थ्य, तथा विरासत और विकास, एक साथ कदमताल करते दिखाई देते हैं।
साथियों, आध्यात्मिक विकास को अक्सर आर्थिक विकास का विरोधी मान लिया जाता है। ऐसा कहा जाता है, कि आध्यात्मिकता व्यक्ति को संसार से विरक्त कर देती है। मैं इस बात से सहमत नहीं हूँ। मेरा मानना है, कि सच्चा आध्यात्मिक विकास, व्यक्ति को संसार से दूर नहीं, संसार के प्रति और अधिक जिम्मेदार बना देता है।
जैसे आप खुद ही अपने आसपास देख लीजिये, कि जो व्यक्ति भीतर से स्थिर है, वह क्रोध में निर्णय नहीं लेता है।
जो व्यक्ति आत्म-सम्मान से भरा है, वह दूसरों का अपमान नहीं करता है। जो व्यक्ति संतोष को जानता है, वह भ्रष्टाचार की ओर नहीं बढ़ता है। देश केवल कानूनों से नहीं चलता, देश चरित्र से चलता है। कानून व्यवस्था बनाए रख सकते हैं, लेकिन समाज में विश्वास और सद्भाव केवल अच्छे संस्कार ही पैदा कर सकते हैं। इसलिए आध्यात्मिक विकास केवल व्यक्तिगत मुक्ति का मार्ग नहीं है। यह राष्ट्रीय चरित्र के निर्माण का मार्ग भी है।
आज हम विकसित भारत की बात करते हैं। हमारे प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में, हम सब वर्ष 2047 तक,
भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य पर काम कर रहे हैं। हमारे लिए विकसित भारत का अर्थ केवल पाँच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था नहीं है। वह इसका एक महत्त्वपूर्ण component अवश्य है, लेकिन विकसित भारत का हमारा सपना इससे कहीं व्यापक है। हमारे लिए विकसित भारत का अर्थ है, ऐसा भारत जहाँ नागरिक ईमानदार हों, परिवारों में संस्कार हों, समाज में सद्भाव हो, महिलाओं का सम्मान हो, युवाओं में अनुशासन हो, और हर व्यक्ति के मन में राष्ट्र के प्रति कर्तव्य का भाव हो।
और इस पूरे प्रयास में, ब्रह्माकुमारीज का बहुत महत्त्वपूर्ण योगदान होने वाला है।
आपने दशकों पहले, महिलाओं को आध्यात्मिक नेतृत्व के केंद्र में स्थापित कर दिया था। आज देश के गाँव-गाँव में ब्रह्माकुमारीज की बहनें नशामुक्ति का अभियान चला रही हैं। आप सभी अपने कार्यों से, राष्ट्र निर्माण को और गति दे रहे हैं। यह कार्य केवल आध्यात्मिक चेतना, सेवा-भाव और समर्पण से ही संभव है।
इसलिए आज आवश्यकता इस बात की है, कि हम, हमारी शिक्षा, हमारा मन, हमारे वचन, हमारे कर्म, हमारा समाज, यहाँ तक कि हमारी राजनीति भी, अध्यात्म से जुड़े और बेहतर समाज और विश्व का मार्ग प्रशस्त करे।
कई बार क्या होता है, कि Politics शब्द सुनते ही लोगों के, खासकर हमारे युवाओं के मन में नकारात्मक भाव आते हैं। उन्हें लगता है कि राजनीति का अर्थ केवल सत्ता प्राप्त करना, चुनाव जीतना, विरोध करना और सत्ता में बने रहना है। लेकिन मैं समझता हूँ कि राजनीति की यह बहुत सीमित व्याख्या है।
वास्तव में राजनीति तो बड़ी पवित्र चीज है। राज-काज को नीति और नैतिकता के माध्यम से संचालित करना ही राजनीति का वास्तविक भाव है। राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य को दिशा देने का माध्यम है।
और राजनीति अपने इस मूल उद्देश्य को तभी प्राप्त कर सकती है, जब उसके साथ नैतिकता और आध्यात्मिक चेतना जुड़ी हो। इसे मैं ‘राजनीति का आध्यात्मिकीकरण’, ‘Spiritualisation of Politics’ कहता हूँ। मैंने अपने सार्वजनिक जीवन में इस विचार को आत्मसात करने का प्रयास किया है, और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करता हूँ।
इसका अर्थ राजनीति को किसी विशेष धर्म, संप्रदाय या पद्धति से जोड़ना नहीं है। इसका अर्थ राजनीति को सत्य, करुणा, सेवा, त्याग, और कर्तव्य जैसे सार्वभौमिक मूल्यों से जोड़ना है।
इसका अर्थ है कि व्यक्ति जब सत्ता में आए, तो उसके मन में अधिकार से पहले उत्तरदायित्व का भाव हो। जब वह कोई निर्णय ले, तो उसके सामने व्यक्तिगत लाभ से पहले जनहित हो। जब उसके पास शक्ति हो, तो उस शक्ति के साथ विनम्रता और विवेक भी हो।
इतिहास भी हमें यही सिखाता है। अनेक साम्राज्यों के पास विशाल सेनाएँ थीं, मजबूत किले थे, कठोर कानून थे, फिर भी वे पतन को प्राप्त हुए। क्यों? क्योंकि उनकी नींव में नैतिक चेतना नहीं थी। उन्होंने शक्ति को सर्वोपरि माना, संयम को नहीं। उन्होंने विजय को लक्ष्य बनाया, संतुलन को नहीं। उन्होंने जनता से लेने पर ध्यान दिया, जनता को देने पर नहीं।
और हमारी भारतीय परंपरा में, तो राजनीति के आध्यात्मिकीकरण की अवधारणा कोई नई बात नहीं है। हमारे यहाँ राजधर्म की एक समृद्ध परंपरा रही है। रामायण में भगवान श्रीराम का जीवन भी हमें यही बताता है, कि एक शासक के लिए व्यक्तिगत सुख से ऊपर प्रजा का हित होना चाहिए। महाभारत में श्रीकृष्ण ने अर्जुन को कर्म, कर्तव्य और धर्म का बोध कराया। हमारे यहाँ राजा को प्रजा के सुख-दुख का सहभागी और संरक्षक माना गया।
मैं समझता हूँ, कि आज के युवाओं को राजनीति से जोड़ने के लिए, हमें इसी दृष्टिकोण को फिर से स्थापित करने की आवश्यकता है। हम अपने निर्णयों में केवल यह न देखें, कि इससे हमें कितना राजनीतिक लाभ मिलेगा, बल्कि यह भी देखें कि इससे समाज को कितना लाभ होगा। हम यह न सोचें कि अगला चुनाव कैसे जीता जाएगा, बल्कि यह सोचें कि अगली पीढ़ी का भविष्य कैसे बेहतर बनाया जाएगा।
यदि राजनीति में केवल प्रतिस्पर्धा, आरोप-प्रत्यारोप और व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा दिखाई देगी, तो युवा उससे दूरी बनाएंगे। लेकिन यदि उन्हें राजनीति में सेवा, राष्ट्रनिर्माण,
चरित्र निर्माण और समाज परिवर्तन की संभावना दिखाई देगी, तो वे निश्चित रूप से इससे जुड़ेंगे। और इस पूरी मुहिम में, आपकी भूमिका भी उल्लेखनीय होने वाली है। क्योंकि आप समाज में आध्यात्मिकता का निवेश करेंगे, और फिर वही सामाजिक निवेश, राजनीति में प्रतिबिम्बित होता दिखेगा।
साथियों, अंत में, इस मंच के माध्यम से, मैं अपने युवा साथियों से भी कुछ बातें करना चाहूँगा। आप इस देश के भविष्य हैं, यह तो हर कोई कहता है। लेकिन मैं आपको यह बताना चाहता हूँ, कि आप इस देश के केवल भविष्य नहीं, बल्कि उसके पहले देश का वर्तमान भी हैं। देश का भविष्य किसी आने वाले कल में अचानक तैयार नहीं होता। उसका निर्माण आज के प्रयासों में होता है। और कायदे से देखा जाए, तो वर्तमान में जो बीज बोया जाता है, भविष्य में उसी का फल मिलता है। इसलिए यह मत सोचिए कि देश के निर्माण की जिम्मेदारी आपके जीवन के किसी आने वाले पड़ाव पर शुरू होगी। यह जिम्मेदारी अभी चल ही रही है, और लगातार चलती रहेगी।
आज आपके पास वे अवसर हैं, जो किसी भी पिछली पीढ़ी के पास नहीं थे। आपके पास Technology है, Information है, Communication के साधन हैं और दुनिया को समझने के लिए एक बड़ा मंच है।
आज एक छोटे से शहर में बैठा युवा भी, अपने विचारों से पूरी दुनिया तक पहुँच सकता है। लेकिन साथियों, इन सुविधाओं के साथ कुछ चुनौतियाँ भी जुड़ी हुई हैं।
आज Information बहुत है, लेकिन सही Information की पहचान करना एक चुनौती है। आज Connectivity बहुत है, लेकिन वास्तविक संवाद कहीं-कहीं कम होता जा रहा है। आज हमारे पास अपनी बात कहने के अनेक माध्यम हैं, लेकिन अपनी बात को समझने और दूसरों की बात को सुनने का धैर्य कम होता जा रहा है।
इसलिए मैं आपसे कहना चाहूँगा, कि तकनीक का उपयोग कीजिए,
लेकिन तकनीक को अपने ऊपर हावी मत होने दीजिए। Information प्राप्त कीजिए, लेकिन विवेक को मत खोइए। दुनिया से जुड़िए, लेकिन अपनी जड़ों से जुड़े रहिए। आधुनिक होना और अपनी सांस्कृतिक पहचान को भूल जाना, ये दोनों अलग-अलग बातें हैं। इनके बीच आपको अंतर करना सीखना होगा।
इन सबके बीच एक प्रश्न आपको स्वयं से पूछना होगा, मैं क्या बनना चाहता हूँ? केवल सफल बनना चाहता हूँ, या सफल होने के साथ-साथ सार्थक भी बनना चाहता हूँ?
सफलता और सार्थकता में अंतर है। सफलता बाहर से मिलती है।
आपको पद मिल सकता है, प्रतिष्ठा मिल सकती है, धन मिल सकता है, पहचान मिल सकती है। लेकिन सार्थकता भीतर से आती है। वह इस बात से तय होती है, कि आपके होने से कितने लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया। आपने अपने ज्ञान का उपयोग केवल अपने लिए किया, या समाज के लिए भी किया। आपने अपनी उपलब्धियों से केवल अपना जीवन बदला, या दूसरों के जीवन में भी आशा का संचार किया।
मैं सफलता का विरोध नहीं कर रहा हूँ। सफलता प्राप्त कीजिए, खूब आगे बढ़िए, बड़े सपने देखिए, बड़े पदों पर पहुँचिए। लेकिन आपकी सफलता के साथ समाज का भी कुछ भला होना चाहिए। क्योंकि जिस सफलता से केवल व्यक्ति का जीवन समृद्ध हो, लेकिन समाज को कोई दिशा न मिले, उसकी उपयोगिता सीमित रह जाती है। युवाओं को केवल Career बनाने की चिंता नहीं करनी चाहिए, उन्हें Character बनाने पर भी उतना ही ध्यान देना चाहिए। क्योंकि Career आपको पहचान दिलाता है, लेकिन Character आपको सम्मान दिलाता है।
जब आप किसी गरीब को देखें, तो केवल उसकी गरीबी मत देखिए, उसके भीतर छिपी संभावनाओं को भी देखिए। जब आप किसी वंचित व्यक्ति को देखें, तो केवल उसकी समस्याओं पर चर्चा मत कीजिए,
उन समस्याओं के समाधान का हिस्सा बनने का प्रयास कीजिए। जब आप समाज में कोई कमी देखें, तो केवल उसकी आलोचना मत कीजिए, उसे दूर करने की जिम्मेदारी भी उठाइए।
यही वह दृष्टिकोण है, जो एक सामान्य युवा को एक जिम्मेदार नागरिक बनाता है और एक जिम्मेदार नागरिक को राष्ट्रनिर्माण का सहभागी बनाता है। हमारे देश की सबसे बड़ी शक्ति उसकी युवा आबादी है। लेकिन मैं मानता हूँ कि केवल युवा आबादी होना पर्याप्त नहीं है। युवाओं का जागरूक, शिक्षित, संस्कारवान और जिम्मेदार होना भी उतना ही आवश्यक है।
हमें Demographic Dividend को केवल जनसंख्या के आँकड़ों में नहीं, बल्कि युवाओं की क्षमता, उनके चरित्र और उनके योगदान में बदलना होगा।
कल को हमारे युवा Scientist बनेंगे, सैनिक बनेंगे, शिक्षक बनेंगे, Entrepreneur बनेंगे, अधिकारी बनेंगे और कुछ राजनीति में आएँगे। आपके रास्ते अलग-अलग हो सकते हैं, आपके कार्यक्षेत्र अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन एक बात समान रहनी चाहिए, आपके प्रत्येक कार्य में राष्ट्रहित का भाव होना चाहिए।
मुझे विश्वास है कि यदि आज का युवा अपने भीतर ज्ञान के साथ विवेक, शक्ति के साथ संयम, सफलता के साथ संवेदना और महत्वाकांक्षा के साथ राष्ट्रसेवा का भाव विकसित करता है, तो भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का हमारा संकल्प अवश्य साकार होगा।
ब्रह्माकुमारीज ने नब्बे वर्षों में जो विरासत बनाई है, वह केवल किसी संस्था विशेष की नहीं, बल्कि पूरी मानवता की विरासत है। इसे आगे ले जाना हम सबका दायित्व है। और एक सुसंस्कृत समाज तथा युवा वर्ग ही इसे आगे ले जा सकता है।
इसी आशा और विश्वास के साथ, ब्रह्माकुमारीज संस्था के नब्बे वर्षों की गौरवशाली यात्रा, लखनऊ की बहत्तर वर्षों की निरंतर सेवा,
और ‘दिव्य संस्कृति भवन’ के लोकार्पण के इस पावन अवसर पर, मैं आप सभी को हृदय से बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए, मैं अपनी बात समाप्त करता हूँ।
बहुत-बहुत धन्यवाद