जीवन में कुछ सीखने और आगे बढ़ने के लिए Failure के रूप में एक कीमत चुकानी पड़ती है: रक्षा मंत्री

लखनऊ में स्थित बाबू बनारसीदास विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में संबोधन का मूल पाठ। 

 

आज, ‘बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय’ के इस Convocation में आप सभी के बीच उपस्थित होकर और आपके जीवन के इस महत्वपूर्ण पड़ाव का हिस्सा बनकर मुझे बहुत प्रसन्नता हो रही है।

मैं आज डिग्री प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई और शुभकामनाएं देता हूँ। मैं आपके माता-पिता, अभिभावकों और शिक्षकों को भी बधाई देता हूं जिनके मार्गदर्शन और सहयोग ने आप सभी को यहां तक पहुंचाया है। और आप भी, आज उनके प्रति अपना आभार व्यक्त करना मत भूलिएगा।

प्रिय विद्यार्थियो,

आज दुनिया बहुत तेजी से बदल रही है। रोज नई-नई Technologies आ रही हैं। आप एक मिनट के लिए बस सोचकर देखिए कि जब आपने स्कूल की पढ़ाई समाप्त की थी, तब से आज तक दुनिया कैसे और कितनी बदली है। कौन-कौन सी Technologies तब से अब तक आई हैं? और इससे हमारा जीवन कैसे बदला है? हमारे काम करने के तरीके कैसे बदले हैं?

आप Artificial Intelligence यानी AI को ही ले लीजिए। आप सभी ने भी Assignments बनाने के लिए, किसी मुश्किल Topic को समझने के लिए, या कुछ रिसर्च करने के लिए कभी न कभी AI का प्रयोग किया ही होगा। बहुत सारे ऐसे काम हैं जिनमें पहले कई घंटे लगते थे। AI की मदद से आज वही काम कुछ ही मिनटों में किए जा सकते हैं।

ऐसे ही आगे भी नई Technologies आती रहेंगी, नए अवसर पैदा होंगे और काम करने के लिए नए Skills की जरूरत पड़ेगी। ऐसे में जब आप नौकरी की दुनिया में कदम रखेंगे, तो आपकी डिग्री आपको पहला अवसर दिलाएगी। लेकिन उसके बाद आपकी पहचान आपके Skills से होगी। आपकी सीखने की क्षमता से बनेगी। आपकी Professional Knowledge और Competence से बनेगी।

आपमें Competence होगा, तभी आपमें Confidence आएगा। जब आप Confident होंगे, तभी आप सभी Challenges का सामना अच्छे से कर पाएंगे।

मेरे युवा साथियो,

एक सामान्य व्यक्ति अपनी Professional Life में लगभग 10,000 दिन काम करता है। यानी करीब 80,000 घंटे! इसलिए जिस काम को हम अपनी जिंदगी का इतना बड़ा समय देते हैं, उसमें हमें रुचि होनी चाहिए और आनंद आना चाहिए।

जब भी मैं आप जैसे Students से मिलता हूँ, तो हमेशा एक बात कहता हूँ कि अपने Interests को पहचानिए और अपने Career का चुनाव अपनी रुचि के अनुसार कीजिए।

आप में से बहुत लोग सोच रहे होंगे कि अब तो हमने एक Professional Degree ले ली है। अब तो इसी Field में काम करना है। लेकिन मैं मानता हूँ कि Degree आपको किसी एक Field में सीमित करने के लिए नहीं है, वह बस आपके Career को एक शुरुआत देने के लिए है। आप आगे क्या करते हैं, यह आपके Interest और Skill Set पर निर्भर करेगा।

आप सभी ने सत्यजीत रे का नाम सुना होगा। उन्होंने अर्थशास्त्र की पढ़ाई की थी। वे अगर Economist बन गए होते तो क्या दुनिया को इतना महान फिल्मकार मिल पाता?

ऐसे ही आप डॉ. वर्गीज कुरियन की जीवनयात्रा को ही देख लीजिए। उन्होंने शुरुआत में Mechanical Engineering की पढ़ाई की थी। लेकिन आगे चलकर भारत में White Revolution के सूत्रधार बने। आज हम सब उन्हें अमूल जैसी संस्था बनाने और Cooperative Movement को बढ़ावा देने वाले व्यक्ति के रूप में याद करते हैं।

इसलिए मैं कहता हूँ कि अपने लिए नए रास्ते बनाने से मत डरिए। उन रास्तों पर अकेले चलने से भी मत घबराइए। आपकी Degree आपकी Identity नहीं है। अपनी रुचि और अपनी क्षमता को पहचानिए और उसी के अनुसार अपनी Identity बनाइए।

साथियों

एक और बात है, जो बहुत जरूरी है। हम सभी को कभी न कभी अपनी Capabilities के ऊपर Doubt जरूर होता है। हम अपनी कमियों को लेकर Overthink करने लगते हैं। हमें अपनी कमियों को समझना और जानना तो चाहिए, लेकिन उन्हें अपने रास्ते की रुकावट नहीं बनने देना चाहिए। उनसे हार नहीं माननी चाहिए। उन्हें दूर करने का प्रयास करना चाहिए। जब आप ऐसा करते हैं तो आप उन कमियों पर विजय प्राप्त कर लेते हैं।

मैं आपको इसका एक उदाहरण देना चाहता हूँ।

आप सभी महान वैज्ञानिक थॉमस अल्वा एडिसन के बारे में तो जानते ही होंगे। बचपन में एडिसन पढ़ाई में बहुत अच्छे नहीं थे। उनके एक Teacher ने उन्हें ‘Addled’ यानी नासमझ, कहकर डांटा था। 12 वर्ष की उम्र में उन्होंने सुनने की क्षमता भी लगभग खो दी थी। लेकिन एडिसन ने हार नहीं मानी और आप सभी जानते हैं कि उन्होंने ऐसे-ऐसे आविष्कार किए जिन्होंने मानव इतिहास को नई दिशा देने का काम किया।

यानी मेहनत और लगन से जो चाहें, वह हासिल किया जा सकता है। याद रखियेगा, आपकी परिस्थितियाँ नहीं बल्कि आपके प्रयास आपका भविष्य तय करते हैं।

हो सकता है कि आप अपने काम में कई बार Fail भी हों। लेकिन जैसा कि Computer और ‘आई-टी’ की दुनिया में कहा जाता है: Failure is a Feature, not a Bug, यानी असफलता आगे बढ़ने की प्रक्रिया का एक Natural हिस्सा है।

मैं तो कहता हूँ कि जैसे School और College में शिक्षा हासिल करने के लिए Fees देनी पड़ती है, वैसे ही जीवन में कुछ सीखने और आगे बढ़ने के लिए Failure के रूप में एक कीमत चुकानी पड़ती है। जो हमेशा असफलता से बचने की कोशिश करता है, वह कई बार सीखने और आगे बढ़ने के अवसर भी खो देता है।

साथियो,

आप सभी ने सुना ही होगा कि डर के आगे जीत है। स्वामी विवेकानंद जी के जीवन का एक प्रेरक प्रसंग इस बात को बहुत अच्छी तरह समझाता है। एक बार वे वाराणसी में कहीं जा रहे थे। रास्ते में बहुत सारे बंदरों ने उन्हें घेर लिया। वे उनसे बचने के लिए तेज चलने लगे, लेकिन बंदर भी उनका पीछा करने लगे। वे जितना तेज भागते, बंदर उतनी ही तेजी से उनके पीछे आते। तभी उन्हें पीछे से एक आवाज सुनाई दी—“Face the Brutes”, यानी इनका सामना करो, इनसे भागो मत।

स्वामी विवेकानंद जी रुके, पीछे मुड़े और बंदरों के सामने खड़े हो गए। बंदर पीछे हट गए और भाग गए।

जीवन की कठिनाइयाँ भी बंदरों के उस झुंड की तरह होती हैं। जब तक हम उनसे डरकर भागते रहते हैं, वे हमारा पीछा करती रहती हैं। लेकिन जिस दिन हम ठहरकर उनका सामना करना शुरू कर देते हैं, उसी दिन से वे पीछे हटने लगती हैं।

मेरे युवा साथियो,

आज आपको जो Degree मिल रही है, वह University के Exams पास करके मिल रही है। इन Exams में आपके सामने एक निश्चित सिलेबस था। परीक्षाओं की एक तय तारीख थी। हर प्रश्न का एक निर्धारित उत्तर था।

लेकिन अब जिस दुनिया में आप कदम रखेंगे, वहाँ कोई तय सिलेबस नहीं होगा। यहाँ हर दिन आपके सामने नई चुनौतियाँ होंगी। और हर चुनौती आपकी परीक्षा लेगी।

मैं आपको डरा नहीं रहा हूँ। बल्कि, मैं यह कह रहा हूँ कि इनसे आपको बिल्कुल भी घबराना नहीं है। अपने ऊपर विश्वास रखना है। इस बात को समझाने के लिए मैं आपको एक कहानी सुनाता हूँ।

एक राजा ने एक बार एक झोले में एकदम एक जैसे दिखने वाले असली और काँच के नकली हीरे रख दिए। राजा ने कहा कि जो भी व्यक्ति असली और नकली हीरों को अलग कर देगा, उसे इनाम मिलेगा। बहुत बड़े-बड़े जौहरियों ने कोशिश की। लेकिन सभी असफल रहे। नकली हीरे इतने अच्छे से बनाए गए थे कि पता ही नहीं चल रहा था कि असली कौन सा है और नकली कौन सा।

फिर एक साधारण सा व्यक्ति दरबार में आया और उसने कहा कि मैं इन्हें अलग कर सकता हूँ। राजा ने उसे हीरों का झोला दे दिया। एक घंटे में उसने नकली और असली हीरे अलग कर दिए। राजा ने उससे पूछा कि बड़े-बड़े जौहरी इस काम को नहीं कर पाए, तो तुमने यह कैसे किया? उस व्यक्ति ने कहा कि महाराज, यह काम बहुत ही आसान था। मैंने सभी हीरों को बाहर धूप में रख दिया। जो गर्म हो गए, वे काँच के नकली हीरे थे; जो ठंडे रहे, वे असली हीरे थे।

साथियो,

आज आप सभी विद्यार्थी अपने जीवन के एक महत्वपूर्ण पड़ाव पर हैं। आपके हाथों में डिग्री है। आपके सामने संभावनाओं से भरा एक नया संसार है। लेकिन आपके Goals, Dreams, और Aspirations सिर्फ आपके नहीं हैं। ये हमारे Collective Goals और Dreams हैं। जिन्हें पूरा करने के लिए Opportunity और Ecosystem तैयार करने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हमारी सरकार लगातार कर रही है।

हमने ‘प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना’ शुरू की, ताकि युवाओं को बड़ी कंपनियों में काम करने का Experience मिल सके। हमने ‘अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन’ की स्थापना की, ताकि हमारे देश के युवा Research कर सकें। हमने ‘Make in India’ Program की शुरुआत की ताकि हमारे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलें।

आप Science and Technology के क्षेत्र में देख लीजिए। अभी हाल ही में मैथ्स, फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी इंटरनेशनल ओलंपियाड में भारत के युवाओं ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है।

यह भारत के युवाओं और वैज्ञानिकों के कारण ही संभव हुआ है कि भारत, स्पेस में Satellite डॉकिंग और अन-डॉकिंग की क्षमता रखने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया है।

यानी जब हम अपनी जड़ों की ओर लौटते हैं, तो हमें केवल अपनी पहचान ही नहीं मिलती, बल्कि ज्ञान भी मिलता है। इससे हमारे मन में जिज्ञासा बढ़ती है और नई खोजों के लिए प्रेरणा मिलती है।

अब बहुत से लोग कह सकते हैं कि ऐसी बातें राजनीति के लिए कही जाती हैं। लेकिन यह विषय राजनीति का नहीं, बल्कि शिक्षा और इतिहास को सही परिप्रेक्ष्य में समझने का है। Fields Medal Winner और Princeton University के प्रोफेसर डॉ. मंजुल भार्गव ने कहा है कि विद्यार्थियों को Colonial History नहीं, Correct History पढ़ाई जानी चाहिए।

साथियों,

Modernity और Tradition को एक-दूसरे के विरोधी के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। आधुनिक होना और अपनी जड़ों से जुड़े रहना, दोनों एक साथ संभव हैं। आधुनिकता के आवेग के बीच परंपराओं की जड़ें ही हमें जमीन से जुड़ा रखती हैं।

आपको नीम करौली बाबा जी के जीवन पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ के बारे में पता ही होगा। इस Film को बनाने वाली एक Producer की उम्र मात्र 21 वर्ष है। उन्होंने विदेश से पढ़ाई की है। जब उन्हें नीम करौली बाबा के बारे में पता चला तो उन्होंने यह निर्णय लिया कि लोगों को वे उनकी कहानी बताएंगी। उन्होंने अपनी Savings इस फिल्म को बनाने में लगाई। और आप सभी को पता ही है कि इस फिल्म को दर्शकों का बहुत प्यार मिला है।

साथियो,

मैं आपको गीता के एक श्लोक से यह बात समझाता हूँ। आप सभी को पता है कि कुरुक्षेत्र के मैदान में अर्जुन अपने परिजनों, गुरुजनों और मित्रों को देखकर विचलित हो गए थे। तब भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें गीता का उपदेश दिया था। अंत में भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन से कहा था: “यथेच्छसि तथा कुरु।”

यानी भगवान श्री कृष्ण कहते हैं कि अर्जुन मैंने तुम्हें सब कुछ विस्तार से समझा दिया है। अब इस पर भली-भाँति विचार करो और फिर जैसी तुम्हारी इच्छा हो, वैसा करो। यानी भगवान श्रीकृष्ण, अर्जुन के स्थान पर निर्णय नहीं लेते। वे अर्जुन को सारा ज्ञान देते हैं और फिर उनके विवेक पर विश्वास करते हैं। उन्हें निर्णय लेने की स्वतंत्रता देते हैं।