हर वर्ग को साधने की कोशिश करेगी भाजपा

diwar-par-likhi-600x372

भाजपा के चुनावी घोषणापत्र में महिला, युवा और अनुसूचित जाति-जनजाति वर्गो के लिए पासा फेंका जा सकता है। शनिवार को राष्ट्रीय कार्यकारिणी के दूसरे दिन अध्यक्षीय भाषण में राजनाथ सिंह ने स्पष्ट कर दिया है कि भाजपा सत्ता आई तो अनुसूचित जाति के सब-प्लान का फंड कभी रद नहीं होगा। वहीं हर परिवार के कम से कम एक सदस्य को अर्थपूर्ण रोजगार दिया जाएगा।

भाजपा को इसका अहसास है कि पिछले कुछ चुनावों में युवाओं और महिलाओं ने रुख बदल दिया है। लिहाजा राजनाथ ने हर वर्ग को साधा। साथ ही कांग्रेस के इस दावे पर भी सवाल खड़ा किया वह महिला आरक्षण के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि वर्षो से लंबित लोकपाल विधेयक पारित करवाया जा सकता है तो कांग्रेस महिला आरक्षण पर क्यूं चुप बैठ गई। भाजपा इसके पक्ष में है। अनुसूचित जातियों के सब-प्लान का फंड साल खत्म होने के साथ ही रद हो जाता है। राजनाथ ने भरोसा दिलाया कि भाजपा की सरकार आई तो इस कमी को खत्म किया जाएगा। जबकि आदिवासियों के लिए अलग से मंत्रालय बनाने के बाद इस बार उनकी संस्कृति के संरक्षण के लिए विशेष विभाग बनाया जाएगा।

धारा 370 पर मोदी की लाइन

कश्मीर और धारा 370 पर भाजपा अपने रुख से भटक तो नहीं सकती है लेकिन थोड़ी नरमी का संकेत भर देना चाहती है। नरेंद्र मोदी के बाद अब भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि अगर इस विशेष प्रावधान से कश्मीर का विकास होता तो पार्टी उससे सहमत हो सकती थी। लेकिन अगर यह भारत की मुख्यधारा से कश्मीर को अलग रखने की साजिश है तो भाजपा को मंजूर नहीं। ध्यान रहे कि कुछ दिनों पहले मोदी ने भी कहा कि लोगों को समीक्षा करनी चाहिए कि धारा 370 से कश्मीर का विकास हुआ है या नहीं। इसे भाजपा के रुख में थोड़ी नरमी के रूप में देखा जा रहा था।

गरीबों को स्वास्थ्य का अधिकार

खाद्य सुरक्षा की तर्ज पर भाजपा ने स्वास्थ्य सुरक्षा कानून बनाने का वादा किया है। राजनाथ सिंह ने कहा कि ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों में स्वास्थ्य की दशा अंतरराष्ट्रीय मानकों पर बहुत खराब है। अगर केंद्र में भाजपा की सरकार बनी तो देश के हर गरीब नागरिक के लिए स्वास्थ्य का अधिकार सुनिश्चित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *