Raksha Mantri Shri Rajnath Singh takes oath as a member of the 17th Lok Sabha.

श्री राजनाथ सिंह ने रक्षा मंत्री का पदभार ग्रहण किया

श्री राजनाथ सिंह ने आज रक्षा मंत्री के पद का दायित्व ग्रहण किया। श्री राजनाथ सिंह के साउथ ब्लॉक स्थित रक्षा मंत्रालय पहुंचने पर रक्षा राज्य मंत्री श्रीपद येसो नाइक, तीनों सेनाओं के प्रमुखों, रक्षा सचिव श्री संजय मित्रा, डीआरडीओ के अध्यक्ष डॉ. जी. सतीश रेड्डी, सचिव (रक्षा उत्पादन) डॉ. अजय कुमार और ईएसडब्ल्यू में सचिव श्रीमती एस कुट्टी ने उनकी अगवानी की।  श्री राजनाथ सिंह 27 मई 2014 से केन्द्रीय गृह मंत्री थे।

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह को रक्षा मंत्रालय और उसके चारों विभागों यथा – रक्षा विभाग, रक्षा उत्पादन विभाग, भूतपूर्व सैनिक कल्याण विभाग और अनुसंधान तथा विकास संगठन विभाग के कामकाज की संक्षिप्त जानकारी दी गई।

रक्षा मंत्री श्री सिंह ने अधिकारियों को सभी प्रभागों के बारे में विस्तृत प्रस्तुतियाँ तैयार करने और वांछित परिणाम प्राप्त करने के लिए समयबद्ध लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए।

परिचयः

श्री राजनाथ सिंह का जन्म 10 जुलाई 1951 को उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में हुआ। उन्होंने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर विश्वविद्यालय से भौतिकी में स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त की। वह पेशे से शिक्षक थे।

वह 1977 – 1980 और 2001 – 2003 में उत्तर प्रदेश विधानसभा के सदस्य रहे। वह 1991-1992 में उत्तर प्रदेश सरकार में शिक्षा मंत्री थे। उन्होंने 1999 – 2000 में केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री के रूप में सेवाएं दीं। उसके बाद 2000 – 2002 में वह उत्तर प्रदेश के  मुख्यमंत्री चुने गए। 2003 में उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री के रूप में कार्य किया। वे 1994-1999 और 2003-2008 में राज्यसभा के लिए चुने गए। 2009 में वह 15वीं लोकसभा के सदस्य चुने गए। 07 अक्टूबर 2009 को उन्होंने आचरण समिति के सदस्य के रूप में भी सेवाएं दीं। 27 मई 2014 को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में श्री राजनाथ सिंह को गृह मंत्री के रूप में केन्द्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किया गया।

उनकी पत्नी का नाम श्रीमती सावित्री सिंह है और उनके दो पुत्र हैं।