रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने फ्रांस की रक्षा मंत्री के साथ दूसरी वार्षिक रक्षा वार्ता की

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने फ्रांस की रक्षा मंत्री के साथ दूसरी वार्षिक रक्षा वार्ता की

दोनों पक्ष रक्षा संबंधों को मजबूत करने के लिए सहमत

      रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह फ्रांस की यात्रा पर हैं। उन्होंने 8 अक्तूबर, 2019 को पेरिस में फ्रांस के सैन्य बलों की मंत्री सुश्री फ्लोरेंस पार्ली के साथ दूसरी भारत-फ्रांस मंत्री स्तरीय वार्षिक रक्षा वार्ता की।

      वार्षिक रक्षा वार्ता के दौरान दोनों मंत्रियों ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग पर व्यापक समीक्षा की। रक्षा सहयोग भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी का प्रमुख स्तम्भ है। दोनों राजनेताओं ने वर्तमान क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया। दोनों पक्षों ने रक्षा से संबंधित आधिकारिक और संचालन स्तर पर बातचीत को और भी सुदृढ़ बनाने पर चर्चा की। दोनों देशों ने संयुक्त रक्षा अभ्यासों-शक्ति, वरुण और गरुड़ के कार्य क्षेत्र को विस्तार देने पर सहमति व्यक्त की।

      दोनों देशों ने यह स्वीकार किया कि हिंद महासागर क्षेत्र में भारत-फ्रांस साझेदारी रणनीतिक और सुरक्षा हितों को संरक्षित करने और बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण है। दोनों मंत्रियों ने हिंद महासागर क्षेत्र में भारत-फ्रांस सहयोग के संयुक्त रणनीतिक विजन (मार्च 2018) में उल्लिखित कार्यों को जारी रखने की बात कही। दोनों मंत्रियों ने आतंकवाद के खिलाफ द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने की भी पुष्टि की।

07 अक्टूबर को श्री राजनाथ सिंह ने फ्रांस द्वारा भारत को दिए जा रहे 36 राफेल विमानों में से पहला विमान प्राप्त करने के लिए आयोजित एक समारोह में भाग लिया।

भारतीय प्रतिनिधिमंडल में रक्षा सचिव डॉ. अजय कुमार, रक्षा मंत्रालय तथा तीनों सशस्त्र सेनाओं के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।