दिल्ली में रक्षा मंत्री ने योग दिवस कार्यक्रम का नेतृत्व किया

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने 5वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन के पास राजपथ पर हजारों लोगों के साथ सामूहिक योगाभ्यास में भाग लिया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा रक्षा राज्य मंत्री श्री श्रीपद येसो नाईक के साथ मिलकर झारखंड के रांची में योग सत्र में भाग लेकर पूरे देश का योग दिवस पर नेतृत्व किया।

रक्षा मंत्री ने योग सत्र में भाग लेने आए उत्साहीजनों और बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि योग दिवस मानव सभ्यता का एक ऐतिहासिक दिन बन चुका है। यह समूची दुनिया को एक साथ जोड़ने में अहम भूमिका निभा रहा है। टोक्यो से लेकर सेन फ्रांसिस्को तक लोग उगते सूरज की किरणों का स्वागत योग के साथ कर रहे है।

श्री सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी को उनकी सांस्कृतिक कौशल की सराहना करते हुए कहा कि उनकी पहल पर ही संयुक्त राष्ट्र में 177 देशों ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। उन्होंने इस बात का खंडन किया कि योग किसी धर्म विशेष के साथ जुड़ा है। श्री सिंह ने कहा कि योग धर्म की सीमाओं से परे समूची मानवता के लिए है। उन्होंने कहा कि इस्लामिक देशों द्वारा संयुक्त राष्ट्र में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाए जाने के प्रस्ताव को दिया गया समर्थन इस बात का प्रमाण है।

पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री और सूचना एवं प्रसारण मंत्री श्री प्रकाश जावड़ेकर, गोवा के मुख्यमंत्री श्री प्रमोद सावंत, सिक्किम के मुख्यमंत्री श्री प्रेम सिंह तमांग, संस्कृति राज्‍य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं पर्यटन राज्‍य मंत्री  श्री प्रहलाद सिंह पटेल ,दिल्ली के उपराज्यपाल श्री  अनिल बैजल और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी इस अवसर पर  पर योगाभ्यास सत्र में भाग लिया।