सपा सरकार बनते ही शुरू होते हैं दंगे : राजनाथ

1mm1

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने गुरुवार को प्रदेश की सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सूबे में सपा की सरकार आते ही साम्प्रदायिक दंगे होने शुरू हो जाते हैं। गोरखपुर के मानबेला मैदान में आयोजित विजय शंखनाद रैली को सम्बोधित करते हुए राजनाथ ने यह बातें कही। सिंह ने कहा कि राजनीति इंसाफ और इंसानियत के आधार पर की जानी चाहिए। समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार नौजवानों को जाति और धर्म में बांट रही है। गरीबों की गरीबी को मजहब के आधार पर बांटा जा रहा है, यहां तक कि बच्चों को भी धर्म और सम्प्रदाय के आधार पर बांटा जा रहा है। छात्रवृत्ति बांटने में भी धर्म के आधार पर भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नौजवानों को बेरोजगारी के संकट से जूझना पड़ रहा है। प्रदेश सरकार ने नौजवानों के भविष्य के साथ घिनौना काम किया है। मस्तिष्क ज्वर से प्रतिवर्ष सैकड़ों बच्चों की जानें जाती हैं। भाजपा अध्यक्ष ने जनता को आश्वासन दिया कि यदि भाजपा की सरकार बनी तो इस बीमारी की रोकथाम के लिए कठोर कदम उठाएगी और इस बीमारी के इलाज का पूरा खर्च सरकार वहन करेगी। सिंह ने कहा कि सपा ने वादा किया था कि एक वर्ष के अंदर सूबे में 18 से 24 घंटे बिजली मिलेगी। लेकिन न तो बिजली मिल रही है न समय पर खाद और बीज मिल रहा है। केंद्र की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मजहब के आधार पर देश का विभाजन कराया। 1984 में दंगे कराने का काम कांग्रेस ने किया। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह कहते हैं कि नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने से देश बर्बाद हो जायेगा, लेकिन इसका जवाब मनमोहन सिंह को देना चाहिए कि क्या 10 वर्ष के उनके कार्यकाल में भारत आबाद हो गया। केन्द्र सरकार पर हमला बोलते हुए सिंह ने कहा कि भाजपा साम्प्रदायिक हिंसा विधेयक को किसी भी कीमत पर पारित नहीं होने देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *