चारों राज्यों में बनेगी बीजेपी की सरकार: राजनाथ

1i2

भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा है कि इस बार देश एवं राज्यों में जनता राजनैतिक बदलाव लाना चाहती है। और भाजपा मिजोरम को छोड़कर चारों राज्यो में सरकार बनाएगी। राजनाथ ने आज पत्रकारों से कहा कि राजस्थान के संबंध में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी कहती हैं कि हमने अविकसित से विकासशील राज्य बना दिया है, तो अविकसित राज्यों को फिर से परिभाषित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राज्य में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू कर जनता को सुविधाएं देने का दावा करने वाली कांग्रेस ने प्रदेश के किसान एवं नौजवानों के लिए क्या किया है। राजस्थान में किसानों को उनकी फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य भी नहीं मिल रहा है और न ही उनकी उपज खरीदने की व्यवस्था की है, जबकि भाजपा शासित प्रदेशों में किसानों की फसलों की खरीद का उचित प्रबंध कर 150 से 270 रुपये प्रति क्विंटल बोनस भी दिया गया है। राजनाथ ने कहा कि यहां का युवा सम्मानजनक रुप से रोजगार चाहता है न की उपचार के रुप में कोई तोहफा चाहिए। उन्होंने कहा कि नौजवान सम्मानजनक रुप से जिंदगी जीना चाहता है किसी की कृपा पर जीना उसे मंजूर नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति सबके सामने है जहां मां बहनों की इज्जत तक सुरक्षित नहीं है और कांग्रेस के मंत्रियों पर ऐसे गंभीर आरोप लगे हैं और वे जेल में हैं। राजनाथ ने कहा कि अमरीका की एक एजेंसी की सर्वे रिपोर्ट के अनुसार वर्तमान में भारत के लोगों की परेशानियां दो गुणा बढ गई हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आम लोगों की पार्टी बताने वाले यह तो बताएं कि बार-बार वस्तुओं की कीमत क्यो बढ़ाई जा रही है। उन्होंने राज्य में बीजेपी एवं कांग्रेस के शासनकालों की तुलना करते हुए भाजपा को वोट देकर सफल बनाने की अपील भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *