हमारी सेनाएं अपने अनुशासन के लिए जानी जाती हैं: रक्षा मंत्री

बागडोगरा एयरफील्ड में भारतीय वायुसेना के वीर वायु योद्धाओं के साथ संवाद के दौरान रक्षा मंत्री के संबोधन का मूल पाठ।

सबसे पहले मैं आप सभी Air warriors को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ देता हूँ।

साथियों, आज मैं यहाँ, अपने परिवारजनों के बीच दीपावली की खुशियाँ बाँटने आया हूँ। मैं आपके हौसले को नमन करने, और आपके परिवारों के प्रति आभार व्यक्त करने आया हूँ। मैं जानता हूँ कि इस त्योहार पर आपको घर की याद आती होगी। लेकिन उन यादों को अपने सीने में समेटे हुए आप देशवासियों की सुरक्षा में तत्पर हैं। आपके इस त्याग को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। मैं आपकी इस तपस्या को प्रणाम करता हूँ।

साथियों, आज मैं यहाँ आपसे केवल औपचारिक बातें करने नहीं आया हूँ। मैं आपसे कुछ दिल की बातें करने आया हूँ।

एक बात, जो मैं समझता हूँ कि देश ही नहीं बल्कि दुनिया के लोग मानते हैं, कि हमारे Air Warriors का साहस, शौर्य और समर्पण अद्भुत है। विपरीत परिस्थितियों में देश की रक्षा करनी हो, या विभिन्न आपदाओं के दौरान अपनी भूमिका निभानी हो, हमारे Air Warriors हर चुनौती के लिए हरदम तैयार रहते हैं। आपका यह समर्पण ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।

साथियों, बागडोगरा का यह क्षेत्र भारत की सुरक्षा-व्यवस्था में एक विशिष्ट और संवेदनशील स्थान रखता है। यहाँ से भारत के north eastern region की सुरक्षा-कड़ी जुड़ती है। रणनीतिक दृष्टि से भी यह क्षेत्र अत्यंत महत्वपूर्ण है। यहाँ पर आपकी तैनाती का अर्थ है, कि आप पूर्वी क्षेत्र की सुरक्षा के एक मजबूत कवच के रूप में कार्य कर रहे हैं। इसलिए यहाँ combat readiness को निरंतर उच्च स्तर पर बनाए रखना अनिवार्य है। आपकी तैयारी ही इस क्षेत्र की स्थिरता का आधार है।

वैसे भी, आजकल सुरक्षा परिदृश्य बहुत बदल गया, बड़ा कॉम्प्लेक्स हो गया है। युद्ध अब केवल सीमा पर होने वाली गोलीबारी तक सीमित नहीं है। अब यह बहुत विस्तृत हो गया है, इसमें asymmetric warfare, proxy war, cyber-attacks, drone swarms, information operations और narrative management सभी शामिल हैं। दुश्मन अब कई बार, सीधे टकराव से बचता है और हमारी कमजोरियों को भुनाने का प्रयास करता है। दुश्मन, सोशल मीडिया के माध्यम से, भ्रामक सूचनाएँ फैलाकर स्थानीय जनता, और सैनिकों के मन में संदेह पैदा करने का प्रयास कर सकता है।

ऐसी स्थिति में आपकी भूमिका केवल एक साधारण सैनिक की नहीं रह जाती। आपको domain awareness, cyber resilience और information integrity को एक साथ बनाए रखना होता है। आपकी सतर्कता और विवेक के माध्यम से ही, हम दुश्मन के हर मंसूबे को विफल कर सकते हैं।

टेक्नोलॉजी चाहे कितनी भी आधुनिक क्यों न हो, अगर जवानों के अंदर अनुशासन और साहस नहीं है, तो तकनीक बेकार है। हमारी सेनाएं अपने अनुशासन के लिए जानी जाती हैं। अनुशासन ही आपको एक साधारण सैनिक से एक असाधारण योद्धा में बदलता है। आपका अनुशासन ही आपकी सबसे बड़ी ताकत है। आप जिस चौकी पर हैं, वहाँ आपका व्यवहार, आपकी वर्दी, आपकी भाषा और आपका संयम, स्थानीय लोगों के मन में सेना की छवि बनाता है। बागडोगरा और आसपास के इलाकों में आम लोगों का सेना के प्रति बहुत स्नेह है। उस स्नेह को बनाए रखना भी आपकी जिम्मेदारी है। आप स्थानीय लोगों के साथ जितना जुड़ेंगे, उतनी ही दुश्मन की साजिशें कमजोर होंगी।

साथियों, आज देश आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है। हमारे start-ups, हमारी industries आज drones बना रही हैं, Anti-Drone system विकसित कर रही हैं, और सैनिकों के लिए बेहतर सामान तैयार कर रही हैं। मुझे गर्व है कि हमारे जवान भारत में बनी तकनीकों को अपनाने में बढ़-चढ़कर योगदान दे रहे हैं। आप drone चलाना सीख रहे हैं, साइबर सुरक्षा के बारे में समझ रहे हैं, और नए तरीकों से प्रशिक्षण ले रहे हैं। यही बदलाव हमें भविष्य के लिए तैयार करेगा। आने वाले समय में हमें अपनी सेनाओं को और अधिक technology-driven बनाना है। मुझे पूरा विश्वास है, कि इस दिशा में आप सबके सहयोग के साथ, हम मज़बूती से आगे बढ़ेंगे।

साथियों, आज हमारे आसपास जो चुनौतियाँ हैं, उन चुनौतियों में morale, यानी मनोबल सबसे बड़ा हथियार है। जब आपका मनोबल ऊँचा होता है, तो आप छोटी-सी टीम के साथ भी बड़ी जीत हासिल कर सकते हैं। मनोबल कैसे बढ़ता है? मनोबल बढ़ता है जब आपको मालूम होता है, कि आपका देश आपके साथ है, आपका नेतृत्व आपके साथ है।

उदाहरण के लिए, वायुसेना में, हम सब जानते हैं, कि पायलटों की भूमिका अत्यंत महत्त्वपूर्ण होती है। पर पायलट अपनी पूरी performance तभी दे सकता है, जब उसे इस बात का विश्वास होता है, कि इसकी पूरी टीम, यानी Aviation, Logistics, Engineering, Ground Support और Air Traffic Control से जुड़े सभी कर्मी तन, मन से उसके पीछे हैं। एक पायलट जब विमान लेकर आसमान में उड़ता है, तो उसके पीछे सैकड़ों हाथों की मेहनत, विशेषज्ञता और समर्पण काम कर रहा होता है। वास्तव में, वायुसेना की हर सफल उड़ान एक पूरी टीम की सफलता होती है। उसी तरह, मैं आपको आश्वस्त करता हूँ, कि आपकी team में केवल Aviation, Logistics, Engineering, Ground Support और Air Traffic Control के लोग ही नहीं हैं, बल्कि आपकी team में पूरा देश है, देश का एक-एक नागरिक है। आपको इस बात का भरोसा हमेशा रहना चाहिए।

आपको मालूम हुआ होगा, कि अभी हाल ही में अग्निपथ योजना के तहत, शेष 75 प्रतिशत अग्निवीरों को, उनकी इच्छा के आधार पर, दो वर्ष का अतिरिक्त, ‘सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी’ देने का एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। इस निर्णय से, अग्निवीर साथियों को देश की सेवा करने का एक और अवसर मिलेगा। साथ ही, इन वर्षों की सेवा पूरी करने के बाद, निर्धारित मानकों पर खरे उतरने वाले सभी इच्छुक अग्निवीरों को नियमित सैनिक के रूप में सेना में शामिल होने का अवसर भी मिलेगा। दीपावली के अवसर पर, हमारे अग्निवीरों के लिए, मैं समझता हूँ यह एक बड़ा उपहार है। हमारा हमेशा यह प्रयास रहता है, कि हम अपने जवानों के, तथा उनसे जुड़े लोगों के welfare का कार्य करते रहें।

मैं Air chief marshal आशुतोष दीक्षित को, भारतीय वायुसेना का कार्यभार संभालने के लिए बधाई देता हूँ। आशुतोष, भगवान शिव का एक नाम है। शिव जी एक ओर बड़े सहज, सरल और शांत स्वभाव के होते हैं, तो वहीं दूसरी ओर जरूरत पड़ने पर, अपना रौद्र रूप भी धारण करते हैं। दुश्मनों की सलामती इसी में है, कि उन्हें दीक्षित जी का रौद्र रूप न देखना पड़े।

साथियों, मैं आपके उज्ज्वल भविष्य और अच्छी सेहत की कामना करता हूँ। आपको और आपके परिवारजनों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ देता हूँ। ईश्वर आपको और आपके परिवार को सुख एवं समृद्धि दे। आप सीमाओं पर देश की रक्षा का संकल्प निभाते रहिए, देश आपके परिवारों की चिंता और देखभाल का संकल्प निभाता रहेगा। इसी विश्वास के साथ, मैं अपनी बात समाप्त करता हूँ।

जय हिन्द, जय भारत।